कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 29 मार्च। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन के खिलाफ फरसगांव पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करते हुए धूम्रपान करने वाले 10 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 2400 रुपये का जुर्माना वसूला है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सार्वजनिक स्थलों, विशेषकर शैक्षणिक संस्थानों के आसपास निरीक्षण अभियान चलाया।
अभियान के दौरान ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई जो सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान कर रहे थे या शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री कर रहे थे। सभी के विरुद्ध तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) 2003 की धारा 4 एवं 6 के तहत कार्यवाही की गई।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से बचें तथा नियमों का पालन करें, ताकि स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।


