कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 28 मार्च। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की पदोन्नति के बाद पदस्थापना प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग को लेकर राज्य सरकार के मंत्री से मुलाकात की।
जिलाध्यक्ष ऋषिदेव सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वन मंत्री केदार कश्यप को ज्ञापन सौंपते हुए अवगत कराया कि प्राथमिक शाला के प्रधान अध्यापकों को माध्यमिक शाला में पदोन्नति के बाद पदस्थापना की प्रक्रिया बस्तर संभाग में लंबित है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रायपुर और दुर्ग संभाग में यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि बस्तर संभाग में अभी तक लंबित है।
प्रतिनिधिमंडल ने पदस्थापना प्रक्रिया को काउंसिलिंग के माध्यम से शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया। इस पर मंत्री केदार कश्यप ने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षा मंत्री से चर्चा कर प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान उप संचालक लोक शिक्षण संचालनालय एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी दूरभाष पर चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान संगठन के पदाधिकारी धनश्याम नाग, लखीराम बघेल, शिशिर दूबे, संतुराम बट्टी, केशव पटेल, रमेश पाण्डेय, राजूराम मरकाम, सुन्दर लाल बघेल एवं राजूराम सिन्हा उपस्थित रहे।


