कोण्डागांव

महाष्टमी पर शीतला माता मंदिर में हवन-पूजन, श्रद्धालुओं की भीड़
27-Mar-2026 10:54 PM
महाष्टमी पर शीतला माता मंदिर में हवन-पूजन, श्रद्धालुओं की भीड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 27 मार्च। चैत्र नवरात्रि के महा अष्टमी के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित बाजार पारा शीतला माता मंदिर (माता गुड़ी) में गुरुवार शाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा।

महा अष्टमी के अवसर पर मंदिर में हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर विधि-विधान से आहुति दी। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

नवरात्रि के प्रारंभ से ही मंदिर में प्रतिदिन ज्योति कलश प्रज्वलित हो रहे हैं और श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन बना हुआ है।

 मंदिर समिति के अनुसार नवरात्रि के दौरान नियमित रूप से सुबह-शाम आरती एवं दुर्गा पाठ का आयोजन जारी है। साथ ही भजन-कीर्तन और रामायण मंडलियों के कार्यक्रमों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

 शुक्रवार 27 मार्च को महानवमी के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोपहर 12 बजे से कन्या पूजन एवं भोज, इसके पश्चात प्रसाद वितरण तथा सायं ज्योति विसर्जन हुआ।

नवरात्रि पर्व के चलते श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।


अन्य पोस्ट