कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 27 मार्च। कोंडागांव जिले के थाना फरसगांव क्षेत्र में हत्या की नीयत से एक व्यक्ति को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कोरिबडग़ांव निवासी प्रार्थी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया कि 27 फरवरी 2026 को मोबाइल फोन से जुड़ी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी के रिश्तेदार पर हमला कर दिया, जिससे उसे सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायल का उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अनंत लाल मरकाम निवासी टाटीपारा सोनाबेड़ा, थाना फरसगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी को 25 मार्च को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लकड़ी का हथियार जब्त किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


