कोण्डागांव

बिजली समस्या को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे का धरना-प्रदर्शन
27-Mar-2026 10:44 PM
बिजली समस्या को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे का धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 27 मार्च। कोंडागांव जिले में बिजली की लो-वोल्टेज, कटौती और बढ़ते बिजली बिल की समस्या को लेकर बुधवार को डीएनके मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया।

यह प्रदर्शन जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण शामिल हुए।

धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महामंत्री उदे (उदय) भंडारी ने किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सहायक अभियंता गुपेश बांधे को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।

ज्ञापन में बताया कि लो-वोल्टेज की समस्या के कारण फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही बिजली बिल में बढ़ोतरी को लेकर भी नाराजगी जताई गई। किसानों का कहना है कि समय पर बिल भुगतान के बावजूद पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि बिजली कटौती पर नियंत्रण किया जाए, लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, बिजली बिल में राहत दी जाए तथा फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए।

प्रदर्शन के दौरान चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट