कोण्डागांव

डाडा कप सीजन-1 की नीलामी हुई पूरी, 5 अप्रैल से शुरू होंगे रात्रिकालीन रोमांचक मुकाबले
26-Mar-2026 2:30 PM
डाडा कप सीजन-1 की नीलामी हुई पूरी, 5 अप्रैल से शुरू होंगे रात्रिकालीन रोमांचक मुकाबले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 26 मार्च।  केशकाल के प्रतिष्ठित नागरिक स्व. डाडा भाई मेमन की स्मृति में सुरडोंगर स्टेडियम में 5 से 16  अप्रैल तक रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता ‘डाडा कप - सीजन 1’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के आयोजक अख्तर मेमन और वसीम मेमन हैं।

मंगलवार शाम केशकाल बस स्टैंड में खिलाडिय़ों की नीलामी (ऑक्शन) आयोजित की गई, जिसमें खिलाडिय़ों को उनकी क्षमता के अनुसार ए और बी श्रेणियों में विभाजित किया गया। इस दौरान रॉयल चैलेंजर्स केशकाल टीम ने सूर्यांश नेताम (हनी) को सर्वाधिक 76,000 पॉइंट में खरीदकर सबसे महंगा खिलाड़ी बनाया। इसके अलावा इस्तियाक मेमन को 73,000 पॉइंट, गीतेश नेताम को 52,000 पॉइंट, अख्तर मेमन को 49,000 पॉइंट तथा शाकिर हुसैन को 45,000 पॉइंट में खरीदा गया।

विजेता को मिलेगा 66,666 रुपए का इनाम

ज्ञात हो कि डाडा कप सीजन-1 में कुल 9 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें प्रत्येक टीम के लिए 15 खिलाडिय़ों का चयन नीलामी के माध्यम से किया जा रहा है। ये सभी टीमें आपस मे 8-8 मैच खेलेंगी। इस प्रतियोगिता के विजेता टीम को इनाम के रूप में 66,666 रुपए एवं ट्रॉफी तथा उप विजेता टीम को 44,444 रुपए एवं ट्रॉफी दी जाएगी। इस प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजन समिति के अनुसार, यह प्रतियोगिता खेल प्रतिभाओं को मंच देने और क्षेत्र में क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के दौरान हर रात रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

ये टीमें दिखाएंगी अपना जौहर

1. टीम सुपर चैंपियंस केशकाल (आवेश मेमन) 2. टीम यासीन केशकाल (मो. यासीन मेमन) 3. टीम अरिहंत केशकाल (भरत मालू) 4. जोहार किसान 11 केशकाल (पूनम कुमार जायसवाल) 5. नवदीप 11 केशकाल (नीरज अग्निहोत्री) 6. गौला चंद केशकाल (वसीम मेमन) 7. विरानी ब्रदर्स केशकाल (विक्की विरानी) 8. रॉयल चैलेंजर्स केशकाल (साकिब मेमन) 9. अल्टीमेट चैलेंजर्स (फैज रजा)


अन्य पोस्ट