कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 24 मार्च। जिला कोंडागांव के मर्दापाल थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर रेप करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीडि़ता को पिछले तीन वर्षों से शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में विवाह से इंकार कर दिया।
मर्दापाल थाना में 13 मार्च 2026 को पीडि़ता द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम बड़ेकुरूषनार निवासी डोलेश्वर कोर्राम ने उसे शादी कर पत्नी बनाकर रखने का आश्वासन दिया था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने 23 मार्च की सुबह आरोपी को उसके निवास स्थान ग्राम बड़ेकुरूषनार से गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोंडागांव के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।


