कोण्डागांव

गरीब परिवारों के लिए संजीवनी बनी जीवन ज्योति बीमा योजना, एसबीआई ने सौंपा 2 लाख का चेक
24-Mar-2026 11:21 PM
गरीब परिवारों के लिए संजीवनी बनी जीवन ज्योति बीमा योजना, एसबीआई ने सौंपा 2 लाख का चेक

बीमा की जानकारी नहीं होने के बावजूद बैंक की पहल से परिजनों को मिला लाभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 24 मार्च। भारतीय स्टेट बैंक द्वारा संचालित प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना आज आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रही है। इसका ताजा उदाहरण केशकाल क्षेत्र में देखने को मिला, जहां बैंक की सजगता से एक गरीब परिवार को 2 लाख रु की सहायता राशि प्राप्त हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुभाटा निवासी खाताधारक सोमबत्ती जायसवाल का मार्च 2024 में बीमारी के चलते निधन हो गया था। परिवार को इस बात की जानकारी नहीं थी कि मृतका ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसी ले रखी थी।

कुछ माह पूर्व मृतका के छोटे भाई सदानंद जायसवाल बैंक में खाता संबंधी जानकारी लेने पहुंचे, तभी बैंक कर्मचारियों ने उन्हें बीमा योजना के बारे में अवगत कराया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सोमवार को मृतका की माता एवं नॉमिनी अंगाराबत्ती जायसवाल को स्क्चढ्ढ शाखा में बुलाकर 2 लाख रु का चेक प्रदान किया गया।

इस अवसर पर शाखा प्रबंधक जीवन हेम्ब्रम ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सरकार द्वारा प्रायोजित एक वार्षिक जीवन बीमा योजना है, जिसके अंतर्गत पॉलिसीधारक की मृत्यु होने पर उसके परिवार को 2 लाख रु का बीमा कवर दिया जाता है। उन्होंने आगे बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 12 तथा 2025-26 में अब तक 4 हितग्राहियों के निधन के पश्चात उनके नामांकित परिजनों को 2-2 लाख रु की राशि प्रदान की जा चुकी है।

 यह योजना न केवल जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही है, बल्कि कठिन समय में उनके लिए संबल भी बन रही है।


अन्य पोस्ट