कोण्डागांव
केशकाल, 21 मार्च। ईद-उल-फितर के अवसर पर नगर के मेन रोड स्थित ईदगाह ग्राउंड में मुस्लिम समुदाय द्वारा अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। इस मौके पर अमन-चैन, खुशहाली और देश-प्रदेश की तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।
ईदगाह में आयोजित नमाज के दौरान पूर्व विधायक संतराम नेताम भी विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की मुबारकबाद दी और गले मिलकर भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने सभी के साथ मिलकर क्षेत्र में शांति, सौहार्द और समृद्धि की कामना की।
पूर्व विधायक संतराम नेताम ने मुस्लिम भाइयों को रमजान माह की सफल पूर्णता पर बधाई देते हुए कहा कि केशकाल की सबसे बड़ी पहचान इसकी सांझी संस्कृति और आपसी भाईचारा है। यहां सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के पर्वों को मिल-जुलकर मनाते हैं, जो क्षेत्र की एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ईद-उल-फितर का त्योहार प्रेम, एकता और इंसानियत का संदेश देता है और हम सभी को ऐसे पर्वों को मिलकर मनाना चाहिए, जिससे समाज में खुशहाली और आपसी सद्भाव और मजबूत हो।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग उपस्थित रहे और सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की शुभकामनाएं दीं।


