कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 20 मार्च। थाना अनंतपुर क्षेत्र के ग्राम बड़े सांहगा में 19 मार्च को चलित थाना शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत होना और उनके निराकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना था।
पुलिस विभाग के अनुसार, यह शिविर पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपेश कुमार के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन थाना प्रभारी गोपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में किया गया।
शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, यातायात नियमों, नशा मुक्ति, साइबर जागरूकता, महिला एवं बाल संबंधी अपराध, अभिव्यक्ति ऐप तथा नए कानूनों के प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही, शासन द्वारा मुआवजा एवं राहत राशि से संबंधित प्रावधानों के बारे में भी जानकारी साझा की गई।
इस कार्यक्रम में थाना अनंतपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों के साथ शासकीय विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष माकड़ी ब्लॉक जुगबती पोयम, जनपद उपाध्यक्ष बैसाखु कोर्राम, ग्राम सरपंच कपुर चंद बघेल, उप सरपंच, पंचगण एवं अन्य ग्रामीण भी शामिल हुए।


