कोण्डागांव

सीआरपीएफ 188वीं वाहिनी ने धूमधाम से मनाया सीआरपीएफ दिवस, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
19-Mar-2026 10:29 PM
सीआरपीएफ 188वीं वाहिनी ने धूमधाम से मनाया सीआरपीएफ दिवस, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 19 मार्च। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल 188वी वाहिनी के द्वारा 19 मार्च को सीआरपीएफ दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। यह दिन बल के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है, क्योंकि 19 मार्च 1950 को तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने सीआरपीएफ को ध्वज और निशान प्रदान किया था।

इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय कोण्डागांव के चिखलपुट्टी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एनएच-30 स्थित शहीद स्मारक पर कमांडेंट भवेश चौधरी द्वारा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात क्वार्टर गार्ड में नया ध्वज फहराया गया तथा कमांडेंट द्वारा सेरिमोनियल गार्ड की सलामी ली गई।

इसके बाद आयोजित सैनिक सम्मेलन में कमांडेंट भवेश चौधरी ने जवानों को संबोधित करते हुए सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास और देश की एकता व सुरक्षा में बल के अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि वाहिनी ने अपने कार्यक्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए राज्य को नक्सल मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जवानों की मेहनत और समर्पण के चलते अब तक इस वाहिनी को परिचालनिक ड्यूटी में कोई नुकसान नहीं हुआ है।

इस अवसर पर पिछले एक वर्ष में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कंपनियों एवं कार्मिकों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही वाहिनी मुख्यालय में वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया और सायंकाल में बड़ा खाना कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें जवानों के साथ उनके परिवारों ने भी भाग लेकर आयोजन का आनंद लिया।

कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी नीतीन्द्र नाथ, सहायक कमांडेंट ओमप्रकाश विश्नोई सहित अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। अंत में कमांडेंट ने सभी कार्मिकों एवं उनके परिवारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी।


अन्य पोस्ट