कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 18 मार्च। जिला मुख्यालय के पुराना सर्किट हाउस में बुधवार को कबीर पंथ संभागीय समाज द्वारा प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक एवं संत गजानंद दास कुलदीप और बस्तर संभाग अध्यक्ष बालकुंवर प्रधान ने मीडिया को संबोधित करते हुए आगामी त्रिदिवसीय संत समागम समारोह की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि श्री सद्गुरु कबीर धनी धर्मदास साहेब त्रिदिवसीय संत समागम समारोह का आयोजन 28, 29 एवं 30 मार्च को स्टेडियम ग्राउंड विकास नगर कोण्डागांव में किया जाएगा। इस आयोजन में विभिन्न स्थानों से संत-महात्माओं का आगमन होगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान सत्संग, भजन, प्रवचन, शोभायात्रा, दर्शन-भेंट और गुरु वंदना जैसे धार्मिक आयोजन होंगे। साथ ही पंथ हुजूर प्रकाशमुनि नाम साहेब एवं पंथ हुजूर उदितमुनि नाम साहेब का आगमन प्रस्तावित है, जिनके सानिध्य में कार्यक्रम संपन्न होगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार 28 मार्च को सुबह 8 बजे दीप प्रज्वलन, गुरु महिमा पाठ और सत्संग-भजन से शुरुआत होगी, वहीं दोपहर 2 बजे संतों का आगमन, भव्य शोभायात्रा, निशान पूजा और भेंट-वंदना आयोजित की जाएगी। 29 मार्च को सुबह 8 बजे सत्संग-भजन होगा तथा सुबह 11 बजे गुरु माता सुलक्षणा देवी का दर्शन, भेंट-वंदना और प्रवचन कार्यक्रम रखा गया है, वहीं शाम के सत्र में आशीर्वचन दिए जाएंगे। 30 मार्च को सुबह 8 बजे सत्संग-भजन के बाद दोपहर 12 बजे आनंद चौका आरती (सात्विक यज्ञ) के साथ समापन होगा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक सत्संग भंडारा का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने जिले सहित पूरे बस्तर संभाग के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सत्संग, दर्शन और आशीर्वचन का लाभ लेने की अपील की है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और आध्यात्मिक जागरूकता को भी मजबूत करेगा।


