कोण्डागांव

प्रतिबंधित रोलिंग पेपर बेचते दुकानदार पकड़ाया, 69 पैकेट जब्त
15-Mar-2026 10:08 PM
प्रतिबंधित रोलिंग पेपर बेचते दुकानदार पकड़ाया, 69 पैकेट जब्त

कोण्डागांव, 15 मार्च। जिले में प्रतिबंधित सामग्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने रोलिंग पेपर और स्मोकिंग कोन बेचने वाले एक दुकानदार पर कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 69 पैकेट प्रतिबंधित रोलिंग पेपर जब्त किए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कोण्डागांव द्वारा आदेश क्रमांक वि.दा.प्र.क./01/2026 दिनांक 02 मार्च 2026 के माध्यम से रोलिंग पेपर, गोगो स्मोकिंग कोन तथा परफेक्ट रोल की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।  इसी आदेश के पालन में पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश पर प्रतिबंधित सामग्री के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रूपेश कुमार के पर्यवेक्षण में निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में थाना कोण्डागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी।

पुलिस को 12 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बनियागांव में एक दुकानदार प्रतिबंध के बावजूद रोलिंग पेपर और स्मोकिंग कोन की बिक्री कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बनियागांव निवासी केशवराम मरकाम की किराना एवं चाय दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से 29  गोगो, 18 कैप्टन गोगो, 3 गोश्री पैकेट तथा 19  कैप्टन गोगो (रेड) सहित कुल 69 पैकेट रोलिंग पेपर बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 1440 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 223(ख) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट