कोण्डागांव

उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन का अवलोकन
14-Mar-2026 10:20 PM
उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन का अवलोकन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 14 मार्च। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने शुक्रवार को ग्राम जरेबेन्दरी में उद्यानिकी विभाग की योजनाओं से लाभान्वित किसान  लुमन भण्डारी द्वारा किए जा रहे समन्वित कृषि कार्यों का अवलोकन किया। श्री भण्डारी को राज्य पोषित योजनान्तर्गत घटक समेकित उद्यानिकी विकास योजना के विभिन्न घटकों जैसे फेंसिंग, नलकूप खनन सह पम्प प्रतिस्थापन, फलोद्यान एवं अन्तरवर्ती फसल के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई है। कृषक द्वारा समन्वित कृषि प्रणाली के तहत सूरजमुखी की खेती के साथ ही बत्तख पालन, मुर्गी पालन, टर्की पालन एवं सुअर पालन का कार्य भी किया जा रहा है। कलेक्टर ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी बताया।

इसके पश्चात कलेक्टर ने कोंडागांव विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम बड़ेबेन्दरी के किसान श्री भरत राम द्वारा संकर बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत की जा रही लौकी एवं बैंगन फसलों का निरीक्षण किया। किसान द्वारा बताया गया कि इस कार्य से प्रति हेक्टेयर लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये तक का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। इस कार्य के लिए उद्यानिकी विभाग द्वारा राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजनान्तर्गत निजी क्षेत्र के माध्यम से संकर बीज उत्पादन हेतु 63 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया गया है।

कलेक्टर ने इस पहल की सराहना करते हुए अन्य कृषकों को भी इस कार्य को अपनाकर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

मछली पालक कृषक जयराम देवांगन के कार्यों को भी देखा

कलेक्टर ने ग्राम जरेबेन्दरी के प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लाभार्थी कृषक श्री जयराम देवांगन के कार्यों का भी अवलोकन किया। श्री देवांगन ने योजना का लाभ लेकर मछली पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत अपनी 1.40 हेक्टेयर भूमि में लगभग 15.40 लाख रुपये की लागत से तालाब का निर्माण कराया, जिसमें उन्हें शासन की ओर से 6.16 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। तालाब निर्माण के पश्चात उन्होंने आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए मछली पालन एवं मत्स्य बीज उत्पादन का कार्य प्रारंभ किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, उद्यानिकी अधिकारी श्री लोकेश्वर ध्रुव, मत्स्य विभाग के अधिकारी श्री योगेश देवांगन, कृषि विभाग के अधिकारी श्री कैलाश मरकाम सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट