कोण्डागांव

नाबालिग को भगाया-रेप, आरोपी गिरफ्तार
13-Mar-2026 9:54 PM
नाबालिग को भगाया-रेप, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 13 मार्च। कोण्डागांव जिले के मर्दापाल थाना क्षेत्र में नाबालिग लडक़ी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पीडि़ता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक 15 जनवरी को एक व्यक्ति ने थाना मर्दापाल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 16 वर्ष 7 माह 11 दिन की नाबालिग बेटी को कोई व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस पर पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर जांच शुरू की और अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज किया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन के आधार पर 11 मार्च  को नाबालिग को बरामद किया। पुलिस के अनुसार युवती को एक संदेही युवक के कब्जे से बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान आदेश उर्फ ताती कोर्राम ग्राम हसलनार, थाना मर्दापाल, जिला कोण्डागांव के रूप में की है। नाबालिग के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 64, 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपी को 12 मार्च को गिरफ्तार कर एएफटीसी (पॉक्सो) न्यायालय कोण्डागांव में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट