कोण्डागांव

कलेक्टर ने पीएमश्री विद्यालय गोलावण्ड का किया निरीक्षण
11-Mar-2026 12:23 PM
कलेक्टर ने पीएमश्री विद्यालय गोलावण्ड का किया निरीक्षण

अव्यवस्था पर जताई नाराजगी, प्राचार्य को नोटिस जारी करने निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 10 मार्च। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने रविवार को गोलावण्ड स्थित पीएमश्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी, प्रयोगशाला सहित विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अव्यवस्था पाए जाने पर कलेक्टर ने काफ़ी नाराजगी व्यक्त किया और प्राचार्य को फटकार लगाई।

कलेक्टर ने विद्यालय की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर प्राचार्य को नोटिस जारी करने के निर्देश डीएमसी को दिए। साथ ही शाला को पीएमश्री एवं केंद्र से अनेक प्रकार के मद उपलब्ध होने के उपरांत भी विद्यालय की व्यवस्था में सुधार नही होने से नाराजगी ब्यक्त करते हुए प्राचार्य पर सख्त कार्यवाही हेतु निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में साफ-सफाई की स्थिति, प्रयोगशाला के लिए आवश्यक उपकरणों तथा फर्नीचर की कमी पाई गई और बालिका शौचालय भी फंक्शनल नहीं पाई गई।

इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक उपकरण एवं फर्नीचर की पूर्ति करने के निर्देश दिए तथा साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भी निर्देशित किया। कलेक्टर ने विद्यालयीन स्टाफ की बैठक लेकर कहा कि पीएमश्री योजना के मापदंडों के अनुरूप विद्यालय में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और सुविधाएं सुनिश्चित करें। उनके छात्रावास निरीक्षण के दौरान भी पेयजल एवं भोजन की व्यवस्थाएं ठीक नहीं पाई गई।

उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं जानी और बालिकाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट