कोण्डागांव

सवा 11 लाख का गांजा जब्त, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
06-Mar-2026 10:19 PM
सवा 11 लाख का गांजा जब्त, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 6 मार्च। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ केशकाल पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से लगभग 1 क्विंटल 12 किलो गांजा बरामद करते हुए आरोपी तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार राजस्थान निवासी तस्कर महावीर गौड़ ओडिशा से गांजा लेकर राजस्थान की ओर जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध वाहन का पीछा किया और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

बैरिकेडिंग तोडक़र भागने की कोशिश नाकाम

थाना प्रभारी विकास बघेल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पहले बैरिकेडिंग को ठोकर मारी, फिर नाकाम हुआ तो अपनी कार छोडक़र कूदकर भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन पुलिस ने उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर कार से 1 क्विंटल 12 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है।

 आरोपी महावीर गौड़, निवासी चित्तौडग़ढ़ (राजस्थान) है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

 फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में गांजा तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


अन्य पोस्ट