कोण्डागांव
कोंडागांव, 6 मार्च। कोंडागांव नगर पालिका द्वारा गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए समुचित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अवैध मोटर पंप के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार सुबह 10 बजे नगर पालिका की टीम ने डीएनके वार्ड में छापेमार कार्रवाई करते हुए चार घरों से मोटर पंप जब्त किए।
नगर पालिका की टीम ने वार्ड में घर-घर जांच कर अवैध रूप से नल कनेक्शन में लगाए गए मोटर पंप को जब्त किया। इस कार्रवाई के दौरान चार घरों में मोटर पंप पाए जाने पर उन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे ने बताया कि गर्मी के मौसम में सभी नागरिकों तक समान रूप से पानी पहुंचाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नल कनेक्शन में मोटर पंप लगाना नियमों के विरुद्ध है, जिससे अन्य उपभोक्ताओं को पानी की आपूर्ति प्रभावित होती है।
सीएमओ ने यह भी कहा कि नगर पालिका द्वारा इस प्रकार की छापेमार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यदि किसी भी घर में नल कनेक्शन में मोटर पंप पाया जाता है तो संबंधित घर का नल कनेक्शन तत्काल विच्छेद कर दिया जाएगा।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और नल कनेक्शन में मोटर पंप का उपयोग न करें, ताकि सभी को पर्याप्त जल आपूर्ति मिल सके।