कोण्डागांव
ग्रामीणों ने सहायक अभियंता को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 6 मार्च। गर्मी का मौसम शुरू होते ही क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की समस्या गहराने लगी है। इसी को लेकर ग्राम हालिया पंप लाइन से जुड़े गादीपारा कोरंगांव के ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के सहायक अभियंता, केशकाल को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि ग्रीष्म ऋतु में पंपों की संख्या बढ़ जाने के कारण विद्युत लाइन पर अत्यधिक लोड पड़ता है। वर्तमान में हालिया पंप लाइन केशकाल से जुड़ी हुई है, लेकिन लाइन की क्षमता सीमित होने के कारण क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या लगातार बनी रहती है। इसके चलते मोटर पंप ठीक से नहीं चल पा रहे हैं और सिंचाई कार्य बाधित हो रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि उक्त लाइन को बढ़ाकर गादीपारा तक स्थायी रूप से जोड़ा जाए और आवश्यक तकनीकी सुधार कर लाइन की क्षमता में वृद्धि की जाए, ताकि क्षेत्र में पर्याप्त वोल्टेज के साथ नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या के कारण मोटर पंप बार-बार खराब हो रहे हैं, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगामी दिनों में फसलों को नुकसान होने की आशंका है। ग्रामीणों ने विभाग से शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि विभाग उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द निराकरण करेगा, जिससे किसानों को राहत मिल सके।


