कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 3 मार्च। जिला मुख्यालय स्थित न्यू सर्किट हाउस में सोमवार सुबह आयोजित प्रेसवार्ता में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने छत्तीसगढ़ सरकार के बजट 2026 को विकासोन्मुख बताते हुए इसकी प्रमुख घोषणाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 1.72 लाख करोड़ रुपये का यह बजट विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
सांसद ने बताया कि बस्तर संभाग के जगरमुडा और अबूझमाड़ में एजुकेशन सिटी स्थापना, स्कूल उन्नयन, निशुल्क कोचिंग और समग्र शिक्षा के लिए बड़े प्रावधान किए गए हैं। कृषि और सिंचाई के लिए इंद्रावती नदी पर बैराज और नहर निर्माण से बस्तर में 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी, साथ ही कृषक योजनाओं और बीमा पर भी बड़ा बजट रखा गया है।
महिला सशक्तिकरण के तहत महतारी वंदन योजना, बालिकाओं के लिए आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को विस्तार दिया गया है। अधोसंरचना विकास में बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर एयरपोर्ट उन्नयन, ग्रामीण सडक़, जल जीवन मिशन, आवास योजनाएं तथा नए मोबाइल टावर शामिल हैं।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चित्रकोट जलप्रपात और तीरथगढ़ जलप्रपात सहित प्रमुख स्थलों के विकास, फिल्म सिटी, सांस्कृतिक केंद्र और औद्योगिक पार्कों के निर्माण की योजना है। इसके साथ ही एआई, पर्यटन, खेल, अधोसंरचना और स्टार्ट-अप से जुड़े पांच नए मिशन शुरू किए गए हैं, जिनसे निवेश और रोजगार बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
सांसद ने कहा कि बजट में शिक्षा, ग्रामीण विकास, कृषि, खाद्य आपूर्ति और महिला-बाल विकास पर विशेष फोकस कर गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
प्रेसवार्ता में भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष सेवक राम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।