कोण्डागांव

कलेक्टर ने पीएमश्री विद्यालय धनोरा का किया निरीक्षण
02-Mar-2026 3:43 PM
कलेक्टर ने पीएमश्री विद्यालय धनोरा का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 2 मार्च। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शुक्रवार को पीएमश्री विद्यालय धनोरा का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीएमश्री योजना के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कम्प्यूटर कक्ष, लाइब्रेरी, विज्ञान प्रयोगशाला सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर परिसर की साफ-सफाई, संगीत शिक्षक की व्यवस्था, बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण तथा शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध कार्यों की पूर्ति के लिए कोर टीम के गठन के निर्देश दिए। साथ ही महाविद्यालय एवं विज्ञान प्रयोगशाला को व्यवस्थित करने, विद्यालय की बाउंड्री निर्माण, मध्यान्ह भोजन रसोई कक्ष के लिए शेड निर्माण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 डीएमसी को बीईओ, बीआरसी और सीएसी की टीम के साथ लगातार पांच दिन तक रंगाई-पुताई और अन्य लंबित कार्य पूर्ण करने को कहा गया। इससे पहले कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र अरण्डी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा धनोरा महाविद्यालय भवन के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा कर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित ठेकेदार को दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम आकांक्षा नायक, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, डीएमसी ईमल बघेल सहित संबंधित प्राचार्य और शिक्षकगण उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।


अन्य पोस्ट