कोण्डागांव

हीरापुर जनसमस्या निवारण शिविर में 145 आवेदन मिले
02-Mar-2026 9:29 AM
हीरापुर जनसमस्या निवारण शिविर में 145 आवेदन मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 1 मार्च। माकड़ी विकासखंड अंतर्गत ग्राम हीरापुर में गुरुवार को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं और मांगों को लेकर 145 आवेदन प्राप्त हुए।

शिविर में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष जुगबती पोयाम, जिला पंचायत सदस्य भगवती नेताम एवं रदमा बघेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और आगे भी विकासखंड स्तर पर इनका आयोजन जारी रहेगा।

जनपद पंचायत अध्यक्ष ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। शिविर में 15 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 8 दिव्यांगजनों को ट्राईसिकल उपलब्ध कराई गई।

सहायक उपकरण मिलने पर दिव्यांगजनों ने खुशी जताते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

विभागवार प्राप्त आवेदनों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 43, खाद्य विभाग को 24, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 20 तथा समाज कल्याण विभाग को 9 आवेदन प्राप्त हुए। कुल आवेदनों में से 79 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव, जनपद पंचायत सीईओ गजेन्द्र धुरडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट