कोण्डागांव

सेवा भाव के साथ मनी 12वीं वर्षगांठ, बुजुर्गों संग बांटी खुशियां
02-Mar-2026 9:28 AM
सेवा भाव के साथ मनी 12वीं वर्षगांठ, बुजुर्गों संग बांटी खुशियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 1 मार्च। हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए स्वास्थ्य संयोजक संघ ने अपनी 12वीं वर्षगांठ सेवा कार्यों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाई। कार्यक्रम समर्पण वृद्धाश्रम में आयोजित किया गया, जहाँ संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उन्हें सम्मान और अपनापन प्रदान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने संघ की निरंतर प्रगति, एकता और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से टूथब्रश, साबुन, तेल, तौलिया सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्रियाँ वितरित की गईं। साथ ही मिठाई बाँटकर सभी के साथ वर्षगांठ की खुशियाँ साझा की गईं। संघ की स्थापना का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े कमजोर और जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना है। संगठन द्वारा समय-समय पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, रक्तदान शिविर, जरूरतमंद मरीजों की सहायता तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सेवा कार्य किए जाते रहे हैं। संघ का प्रयास रहता है कि ‘अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा’ की भावना को साकार किया जा सके।

इस अवसर पर ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश जायसवाल, जिला अध्यक्ष द्रुपत राज सेठिया, जिला उपाध्यक्ष नवीन बिसोई, जिला उपाध्यक्ष धीरेन्द्र नेताम (माकड़ी), जिला सचिव हेमसिंह सोड़ी, जिला मीडिया प्रभारी संत कुमार नाग, मनोज बघेल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में भी सेवा, समर्पण और मानवता की भावना के साथ कार्य करते हुए समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करते रहेंगे। स्वास्थ्य संयोजक संघ की 12वीं वर्षगांठ केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी का प्रतीक रही।


अन्य पोस्ट