कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 28 फरवरी। होली का त्योहार इस वर्ष किसानों के लिए केवल रंगों का नहीं, बल्कि समृद्धि और खुशहाली का संदेश लेकर आया है। राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली से पूर्व एकमुश्त प्रदान की गई है। इससे किसानों में उत्साह और खुशी का माहौल है। यह राशि किसानों को आर्थिक राहत देने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत कर रही है।
कतावंड के किसान अड़मा राम पोयाम ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष धान खरीदी केंद्र में 150 क्विंटल धान बेचा था, जिसकी समर्थन मूल्य की राशि उन्हें पहले ही मिल चुकी थी। अब होली से पहले अंतर राशि मिलने से वे बेहद खुश हैं। उन्हें लगभग 1 लाख 9 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं। उनका कहना है कि इस राशि से वे परिवार के साथ त्योहार और मेले का आनंद अच्छे से मना सकेंगे।
इसी तरह कुम्हारपारा के किसान ग्रीकचंद्र पटेल ने बताया कि वे 14 एकड़ में आधुनिक तरीके से धान की खेती करते हैं और इस सीजन 180 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा। उनके अनुसार होली से पहले अंतर राशि मिलने से घरेलू जरूरतें पूरी करने के साथ आगामी खेती कार्यों में भी सुविधा मिलेगी। वहीं कुम्हारपारा निवासी गणेश प्रसाद देवांगन ने बताया कि उनके पास 10 एकड़ जमीन है और इस वर्ष उन्होंने लगभग 162 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा। मूल भुगतान पहले ही मिल चुका था, लेकिन अंतर राशि होली से पहले मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है। उनका कहना है कि खेती का नया सीजन शुरू होने से पहले यह राशि पारिवारिक जरूरतों और कृषि कार्यों दोनों में सहायक होगी। किसानों ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप है। होली से पहले आर्थिक सहायता मिलने से न केवल त्योहार की खुशियां बढ़ी हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। यह पहल किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


