कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 27 फरवरी। छत्तीसगढ़ के संकल्प बजट 2026-27 में कोण्डागांव विधानसभा क्षेत्र को अधोसंरचना विकास के लिए बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र की विधायक एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी के प्रयासों से विभिन्न विभागों के माध्यम से 200 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का प्रावधान किया गया है।
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से 22 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 18 सडक़ों का निर्माण शामिल है। प्रमुख रूप से कोण्डागांव राष्ट्रीय राजमार्ग से नारायणपुर रोड बाईपास को जोडऩे के लिए नारंगी नदी पर पुल एवं संपर्क सडक़ निर्माण को स्वीकृति मिली है। सेतु संभाग के अंतर्गत चार बड़े पुल निर्माण कार्य भी शामिल किए गए हैं। जल संसाधन विभाग द्वारा सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए लगभग 35.5 करोड़ रुपये के आठ कार्य स्वीकृत हुए हैं। मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत तीन कार्यों को मंजूरी दी गई है, जिनमें दो नई सडक़ों का निर्माण तथा प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत निर्मित 12 किमी सडक़ के सुदृढ़ीकरण के लिए 8.59 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
नगर पालिका क्षेत्र में नकटीमुंडा तालाब के संधारण के लिए तीन करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत सात नए शाला भवनों के निर्माण के लिए 3 करोड़ 65 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है, जिनमें चार प्राथमिक शालाएं, एक हाई स्कूल तथा दो नवीन हाई सेकेंडरी स्कूल भवन शामिल हैं। जिले में लंबे समय से प्रतीक्षित शासकीय जीएनएम नर्सिंग हॉस्टल भवन निर्माण के लिए लगभग 11 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय सह तहसील कार्यालय के लिए कम्पोजिट भवन निर्माण, उप संचालक कृषि कार्यालय तथा तकनीक आधारित ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया के लिए ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक (ई-ट्रैक) निर्माण हेतु भी बजट में राशि निर्धारित की गई है।
कुल मिलाकर विभागीय योजनाओं के अतिरिक्त अधोसंरचना विकास के लिए कोण्डागांव विधानसभा क्षेत्र को 200 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई गई है। इस अवसर पर लता उसेंडी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी तथा मंत्रिपरिषद के प्रति आभार व्यक्त किया है। यह प्रावधान छत्तीसगढ़ में क्षेत्रीय विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


