कोण्डागांव

होली व मेला को लेकर शांति समिति की बैठक
27-Feb-2026 10:57 PM
होली व मेला को लेकर शांति समिति की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 27 फरवरी। आगामी होली त्योहार एवं वार्षिक मेला को लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों तथा ग्रामीणों की उपस्थिति में त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशानुसार आयोजित हुई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीओपी अभिनव उपाध्याय तथा एसडीएम अश्वन पुसाम सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में वर्तमान में चल रही बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए डीजे संचालकों को उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीणों से होली का त्योहार आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की गई।

  9 मार्च से शुरू होने वाले वार्षिक मेला आयोजन को सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापारियों एवं मेला समिति के साथ आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। प्रशासन ने सभी से सहयोग करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

 बैठक में तहसील प्रशासन, जनपद पंचायत, नगर पंचायत तथा थाना स्तर के अधिकारी और स्थानीय लोग मिलकर जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट