कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 26 फरवरी। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कल जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के विभिन्न सेजेस विद्यालयों में संविदा भर्ती के तहत चयनित 37 व्याख्याताओं, शिक्षकों एवं ग्रंथपालों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर उन्होंने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने तथा शिक्षकीय दायित्वों का समर्पित भाव से निर्वहन करने की बात कही। उन्होंने विद्यालय परिसर में अनुशासित एवं संयमित आचरण बनाए रखने पर जोर देते हुए पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों और विद्यालय के हित में नवाचार करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, वेणु गोपाल राव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जिले के सेजेस विद्यालयों में विभिन्न 42 रिक्त पदों के लिए संविदा भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिनमें से 37 पदों पर नियुक्ति की गई है।


