कोण्डागांव
कोण्डागांव, 25 फरवरी। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों की मांगों और समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 फरवरी को प्रात: 10 बजे से माकड़ी विकासखंड अंतर्गत ग्राम हीरापुर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर लगाया जाएगा। इसी क्रम में 27 फरवरी को प्रात: 10 बजे से केशकाल विकासखंड के ग्राम जामगांव में शिविर आयोजित होगा। वहीं उसी दिन दोपहर 12 बजे से बड़ेराजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम हरवेल में भी जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविरों में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे तथा शासन की योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन ने ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।


