कोण्डागांव

तय अवधि में लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश
25-Feb-2026 10:14 PM
 तय अवधि में लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 25 फरवरी। जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत अविनाश भोई ने सम्पूर्णता अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संबंधित विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी तथा विभिन्न संकेतकों (इंडिकेटर्स) के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने अभियान अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों एवं संकेतकों की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग दैनिक कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियां संचालित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी इंडिकेटर्स का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान की सफलता नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी अमले की सक्रिय भागीदारी और विभागीय समन्वय पर निर्भर करती है, इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने भी निर्देश दिए कि जमीनी स्तर पर संचालित गतिविधियों की प्रतिदिन रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए तथा की गई कार्यवाही की समयबद्ध और पूर्ण एंट्री पोर्टल में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, ताकि प्रगति की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से सामने आ सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि शेष लक्ष्यों की पूर्ति के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से विशेष अभियान चलाएं तथा प्रत्येक गतिविधि की फोटो, प्रगति विवरण और आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं। अंत में कलेक्टर ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सम्पूर्णता अभियान को जन-जन तक पहुंचाते हुए जिले को निर्धारित सभी मानकों में उत्कृष्ट स्थान दिलाने के लिए सतत प्रयास जारी रखें।


अन्य पोस्ट