कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 25 फरवरी। बस्तर संभागायुक्त डोमन सिंह ने मंगलवार को केशकाल जनपद पंचायत के सभाकक्ष में बैठक लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं और राजस्व प्रकरणों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में उन्होंने वन अधिकार पत्र से संबंधित वारिसों के नामांतरण प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए वन विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही अपार आईडी में प्रगति लाने के लिए लंबित जन्म प्रमाण पत्रों के निराकरण हेतु शिक्षा विभाग और तहसीलदारों को सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। जाति प्रमाण पत्र के लंबित मामलों को ग्राम सभा के माध्यम से प्रस्ताव बनाकर शीघ्र निराकृत करने को भी कहा गया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने निक्षय मित्रों की संख्या बढ़ाने, मोतियाबिंद ऑपरेशन में प्रगति लाने तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। इसके अलावा खाद्य, शिक्षा, मत्स्य पालन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने केशकाल मार्ग उन्नयन कार्य में तेजी लाते हुए इसे प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, एसडीएम आकांक्षा नायक, जनपद पंचायत सीईओ अनुराग सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


