कोण्डागांव

संत शिरोमणि गाडगे महाराज की जयंती पर सामाजिक सम्मेलन, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का संदेश
25-Feb-2026 4:12 PM
संत शिरोमणि गाडगे महाराज की जयंती पर सामाजिक सम्मेलन, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का संदेश

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

केशकाल/विश्रामपुरी, 25 फरवरी। सामाजिक जागरूकता के प्रतीक संत शिरोमणि गाडगे जी महाराज के 150वें जन्मोत्सव के अवसर पर ग्राम पलना परिसर में सर्व धोबी समाज द्वारा भव्य वार्षिक सामाजिक सम्मेलन एवं ‘निर्मल दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा समाज के लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: 8 बजे कलश शोभा यात्रा से हुई, जिसके बाद सुबह 10 बजे विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। आयोजन के दौरान अतिथियों एवं वरिष्ठजनों का स्वागत किया गया तथा सामाजिक समरसता, स्वच्छता और समाज सेवा के संदेशों पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंत में भोजन प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ स्वच्छता ही समाज निर्माण का आधार — पूर्व विधायक

 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संत राम नेताम ने कहा कि संत गाडगे जी महाराज ने अपने जीवन से समाज को स्वच्छता, सेवा और समानता का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि जीवनशैली है और धोबी समाज सदैव समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है। उन्होंने लोगों से संत गाडगे जी के आदर्शों को अपनाकर समाज को स्वच्छ और संगठित बनाने का आह्वान किया।

 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संत राम नेताम उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य सुषमा मनोज तिवारी, ग्राम पलना के सरपंच रघुवंश चनाव, उपसरपंच जागेश्वरी मरकाम तथा आलम निषाद एवं मनोज तिवारी की विशेष उपस्थिति रही।

 

समाजजनों की सक्रिय भागीदारी

आयोजन में समाज के पदाधिकारियों में परिक्षेत्र अध्यक्ष श्याम सुंदर नाग, कोषाध्यक्ष गौतम नाग, रामलाल नाग, धनेश राम नाग, बीरेंद्र नाग, जगदीश नाग, सोहन नाग, ओम प्रकाश नाग, रूपेंद्र नाग,अमरु राम नाग, नूतन नाग, महिला प्रकोष्ठ की ओर से पुष्पा बाई, मिथिला, खीरों बाई, ईश्वरी, सुंदरबाई, मीना, कुंतीबाई नाग, शकुन एवं मानो बाई ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुसंगठित मंच संचालन विजय नाग द्वारा किया गया, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की।


अन्य पोस्ट