कोण्डागांव
कोंडागांव, 23 फरवरी। शासकीय गुंडाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोण्डागांव के छात्र लच्छू और संतु नाग का चयन राज्य स्तरीय खो खो पुरुष प्रतियोगिता के लिए किया गया है। दोनों खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर बस्तर सेक्टर खो खो पुरुष दल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
छात्र लच्छू और संतु का यह चयन 11 से 12 फरवरी को शासकीय शहीद गेंद सिंग महाविद्यालय चारामा में आयोजित सेक्टर स्तरीय खो खो पुरुष प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ। उक्त प्रतियोगिता में उत्तर बस्तर सेक्टर के सभी महाविद्यालयों से दलों ने सहभागिता की थी।
राज्य स्तरीय खो खो पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 25 फरवरी तक शासकीय लाल चक्रधर शाह स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबागढ़ चौकी में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य की 11 सेक्टर की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता से पूर्व चयनित खिलाडिय़ों के लिए शासकीय लाल चक्रधर शाह स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबागढ़ चौकी में 20 से 22 फरवरी तक विशेष प्रशिक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया है।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी एच.आर. यदु ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राचार्या डॉ. सरला आत्राम के कुशल मार्गदर्शन से महाविद्यालय में जुलाई माह से ही उच्च शिक्षा विभाग में शामिल विभिन्न खेलों का नियमित एवं व्यवस्थित अभ्यास कराया जा रहा है। इसी सतत अभ्यास एवं परिश्रम का परिणाम है कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
छात्र लच्छू और संतु के इस गौरवपूर्ण चयन पर महाविद्यालय परिवार के समस्त प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थीगण ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा आशा व्यक्त की कि वे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।


