कोण्डागांव

सांभर शिकार के आरोप में 7 गिरफ्तार
23-Feb-2026 11:24 PM
सांभर शिकार के आरोप में 7 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 23 फरवरी। वन विभाग ने वन्यप्राणी शिकार से जुड़े एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर जगदलपुर जेल भेज दिया गया है।

वन विभाग के अनुसार, बाजारपारा निवासी उषा बाई रजक के मकान की तलाशी के दौरान 8 प्लास्टिक की थैलियों में मांस बरामद किया गया। पूछताछ में मकान में मौजूद संगीता निर्मलकर एवं उषा बाई ने बताया कि मांस वन्य प्राणी सांभर का है, जिसे खाने और बेचने के उद्देश्य से ग्राम उरपुटी, जिला धमतरी निवासी नरसु पिता पिलारू से खरीदा गया था।

प्रथम दृष्टया पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दोनों के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों को 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर वनमण्डलाधिकारी चूड़ामणी सिंह के निर्देश पर एक टीम गठित कर धमतरी भेजी गई। ग्राम उरपुटी में दबिश देकर नरसु को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में नरसु ने स्वीकार किया कि सांभर का शिकार उसने अपने चार साथियों  मुकेश, दुलेश्वर, तुलसी एवं मैतु  के साथ मिलकर किया था। मांस 20 फरवरी को संगीता निर्मलकर को बेचा गया था।

वन विभाग के अनुसार, शिकार किए गए सांभर के अवशेषों को धमतरी वनमण्डल के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक आर.एफ. 178 में जला दिया गया था। इसके आधार पर नरसु सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कोण्डागांव लाया गया और 23 फरवरी 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इस पूरी कार्रवाई में कोण्डागांव पुलिस विभाग का सहयोग उल्लेखनीय रहा। वनमण्डलाधिकारी कोण्डागांव द्वारा पुलिस विभाग को विशेष धन्यवाद दिया गया।

वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग करें तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।


अन्य पोस्ट