कोण्डागांव

मंत्री केदार कश्यप ने मर्दापाल मेला में पुलिस सहायता केंद्र का किया शुभारंभ
22-Feb-2026 10:01 PM
मंत्री केदार कश्यप ने मर्दापाल मेला में पुलिस सहायता केंद्र का किया शुभारंभ

साइबर व यातायात जागरूकता अभियान, हेलमेट वितरण भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 22 फरवरी। परिवहन एवं वन मंत्री केदार कश्यप ने ग्राम मर्दापाल (थाना मर्दापाल) में आयोजित मेला मड़ई के अवसर पर साइबर जागरूकता अभियान अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया।

कार्यक्रम का आयोजन पंकज चंद्रा, पुलिस अधीक्षक कोंडागांव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) सतीश भार्गव एवं उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र पुजारी के पर्यवेक्षण में किया गया।

मंत्री द्वारा कोंडागांव पुलिस के सोशल मीडिया पेज के क्यूआर कोड का अनावरण एवं स्कैन कर शुभारंभ किया गया। साथ ही आमजन को साइबर मितान/साइबर वॉलिंटियर बनने हेतु प्रेरित करते हुए साइबर अपराधों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान यातायात जागरूकता अभियान का भी उद्घाटन किया गया। मंत्री महोदय द्वारा ग्रामीणों को हेलमेट वितरित किए गए। मेले में उपस्थित ग्रामीणों ने हेलमेट पहनकर सेल्फी लेकर सडक़ सुरक्षा का संदेश दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण साइबर अपराध एवं सडक़ सुरक्षा विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक (स्ट्रीट प्ले) रहा। कलाकारों ने ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फेक कॉल/मैसेज, उधार ऐप धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के खतरों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों को भी दर्शाया गया।

 ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग एवं फेक कॉल/मैसेज से सावधान रहें।  ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचें।  साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं।

यातायात सुरक्षा के मुख्य संदेश

 हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें। तेज गति एवं शराब पीकर वाहन चलाने से बचें।  वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।  ट्रैफिक सिग्नल एवं संकेतकों का पालन करें।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी आमजन से साइबर अपराधों एवं सडक़ सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की।

थाना प्रभारी मर्दापाल निरीक्षक श्री राजकुमार सोरी, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक मुकेश जोशी, पुलिस स्टाफ मर्दापाल एवं ग्राम पंचायत मर्दापाल सहित आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कोंडागांव पुलिस का उद्देश्य है कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक सही एवं सटीक जानकारी पहुंचाकर साइबर ठगी एवं सडक़ दुर्घटनाओं से होने वाली जन-धन की हानि को रोका जा सके। भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। किसी भी साइबर अपराध की सूचना तत्काल 1930 हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस थाना में दें तथा यातायात नियमों का पालन कर अपनी एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।


अन्य पोस्ट