कोण्डागांव
जोन्दरापदर से मालाकोट तक पदयात्रा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 21 जनवरी। केंद्र में बैठी भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा कानून में किए जा रहे प्रस्तावित बदलावों के विरोध में कांग्रेस आक्रामक रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस ने जिले में जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की है। अभियान की अगुवाई पूर्व केबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन मरकाम कर रहे हैं।
पूर्व में प्रेस वार्ता और एक दिवसीय उपवास के बाद अब कांग्रेस गांव-गांव पहुंचकर किसान, मजदूर और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर रही है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जिले के सभी गांवों में मंडल स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर जनसंपर्क करने की योजना बनाई गई है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय कोण्डागांव में जोंन्दरापदर से मालाकोट तक पदयात्रा निकालकर अभियान का शुभारंभ किया गया। यह पदयात्रा जोंन्दरापदर, कुम्हारपारा, केवटी, डाढिय़ा, फरसीपदर, बूढ़ाकसा होते हुए मालाकोट पहुंची। मालाकोट साप्ताहिक बाजार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घूम-घूमकर पाम्पलेट बांटे और लोगों को मनरेगा से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। इस दौरान मनरेगा बचाओ संग्राम रथ के माध्यम से पूर्व केबिनेट मंत्री मोहन मरकाम ने वाहन के बोनट पर खड़े होकर जनसभा को संबोधित किया।
मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार के दौरान मजदूरों के हित में बनाए गए मनरेगा कानून को भाजपा सरकार कमजोर करने का प्रयास कर रही है। मनरेगा बंद या सीमित होने से ग्रामीण मजदूरों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के संदेश को जनता तक पहुंचाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया।
पदयात्रा एवं जनसंपर्क अभियान में पूर्व जिलाध्यक्ष झूमुक दीवान, जिला कांग्रेस महामंत्री रितेश पटेल, जिला उपाध्यक्ष तरुण गोलछा, ब्लॉक अध्यक्ष संजय करन, शहर अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, महामंत्री बाबा खान, संयुक्त महामंत्री भारत देवांगन, भंगी पटेल, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष भगवती पटेल, पूर्व जनपद अध्यक्ष शिवलाल मंडावी, चैनु मंडावी, सरपंच चीटू सोढ़ी, नंदू दीवान, मंडल अध्यक्ष भंवर कौशल, सहदेव पोयाम, सेवक दीवान, करन कोर्राम, फूलवती नेताम, पंचमी पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


