कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 7 जनवरी। नववर्ष के अवसर पर 188वीं वाहिनी केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के प्रांगण चिखलपुटी में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कमाण्डेंट भवेश चौधरी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान वाहिनी में पदस्थ जवानों ने अपनी कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे पूरा वातावरण मनोरंजन एवं उल्लास से भर गया। गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अधिकारियों और जवानों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ-साथ वाहिनी मुख्यालय परिसर में बड़ा खाना का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों ने सहभागिता करते हुए भोजन का आनंद लिया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी नीतीन्द्रनाथ। द्वितीय कमान अधिकारी अविज्ञान कुमार, उप कमाण्डेंट दीपक सिंह, उप कमाण्डेंट कमल सिंह मीणा, सहायक कमाण्डेंट ओमप्रकाश विश्नोई, सहायक कमाण्डेंट बन्ना राम, सहायक कमाण्डेंट केएच जोयचंद्रा सिंह तथा चिकित्सा अधिकारी राहुल चन्द्रन (आरपी) सहित सभी अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर कमाण्डेंट भवेश चौधरी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले कार्मिकों की हौसला-अफजाई करते हुए उन्हें पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए आने वाले वर्ष में और अधिक उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कर्तव्य निर्वहन का संदेश दिया।


