कोण्डागांव

युवा जोहार कार्यक्रम: भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष का मंडल दौरा शुरू
06-Jan-2026 10:03 PM
युवा जोहार कार्यक्रम: भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष का मंडल दौरा शुरू

मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर संगठन विस्तार की पहल, कार्यकर्ताओं में उत्साह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 6 जनवरी। भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष नागेश देवांगन ने युवा जोहार कार्यक्रम के तहत मंडल दौरे की शुरुआत बड़ेडोंगर स्थित मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर की। उनके इस दौरे का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, जिला कार्यकारिणी एवं मंडल विस्तार को गति देना बताया गया।

मंडल दौरे के क्रम में प्रथम बैठक बड़ेडोंगर मंडल में मां दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई, जबकि द्वितीय बैठक फरसगांव मंडल के युवा मोर्चा कार्यालय में संपन्न हुई।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचने पर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान आतिशबाजी और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया गया।

 बैठकों के दौरान नागेश देवांगन ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से सीधे संवाद कर भाजपा की रीति-नीति और विचारधारा से नए युवाओं को जोडऩे की अपील की तथा अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी का सदस्य बनाने के लिए सक्रिय अभियान चलाने का आह्वान किया।

युवा जोहार कार्यक्रम के माध्यम से जिलेभर में मंडल स्तर पर दौरा कर युवाओं से मुलाकात, संगठन विस्तार और सक्रिय सहभागिता बढ़ाने की रणनीति पर कार्य किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट