कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 29 दिसंबर। पारंपरिक बस्तर शिल्पीग्राम, कोंडागांव में आयोजित पांच दिवसीय शरद कालीन प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन रविवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यशाला का आयोजन शिल्प परिवार के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण सहभागिता से किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अध्यक्ष भूपेन बघेल, उपाध्यक्ष नानकी वैष्णव, सचिव संतोष कुमार सागर, सह-सचिव सरला यादव तथा कोषाध्यक्ष अजय मेश्राम की सक्रिय भूमिका रही। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यशाला में बड़ी संख्या में बच्चों ने सहभागिता करते हुए बस्तर की विविध पारंपरिक कलाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को भीत्तीय चित्रकला-सरला यादव, बांस शिल्प कला- मनमोहन नाग, तबला वादन-कमल चौहान, पारंपरिक नृत्य एवं संगीत-नानकी वैष्णव, बेल मेटल कला-कविता सोरी एवं नमिता मानिकपुरी द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
रविवार दोपहर 3 बजे आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोडऩे का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बच्चों से पारंपरिक कलाओं को सीखकर आगे बढ़ाने और इन्हें अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावकगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।