कोण्डागांव

बैडमिंटन स्पर्धा में तहसीन को स्वर्ण
23-Dec-2025 3:40 PM
बैडमिंटन स्पर्धा में तहसीन को स्वर्ण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 23 दिसंबर।  सांसद खेल महोत्सव 2025 के तहत आयोजित विधानसभा स्तरीय खेल प्रतियोगिता में कोंडागांव के खिलाड़ी मोहम्मद तहसीन रज़ा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल जगत में नया आयाम स्थापित किया है। तहसीन ने बैडमिंटन सिंगल्स और बैडमिंटन डबल्स — दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर अपने विद्यालय, परिवार और नगर का नाम रोशन किया है।

तहसीन रज़ा वर्तमान में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, जामकोट पारा कोंडागांव में कक्षा 12वीं कॉमर्स के छात्र हैं। डबल्स स्पर्धा में उनके साथ उनके विद्यालय के साथी कृष राज साहा ने भाग लिया। दोनों खिलाडिय़ों ने शानदार तालमेल, उत्कृष्ट रणनीति और खेल के प्रति जुनून का परिचय दिया, जिससे वे प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले तक पहुँचे और दमदार अंदाज़ में जीत हासिल की।

विद्यालय के प्राचार्य शिव लाल शर्मा ने दोनों छात्रों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे विद्यालय के छात्र न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि खेल-कूद में भी अभूतपूर्व प्रदर्शन कर रहे हैं। तहसीन और कृष की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

विद्यालय परिवार ने तहसीन रज़ा और कृष राज साहा को सम्मानित करते हुए उन्हें आगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं। नगरवासियों और खेल प्रेमियों ने भी इस उपलब्धि पर दोनों खिलाडिय़ों को हार्दिक बधाई दी।

 स्थानीय खेल प्रेमियों ने कहा कि यह सफलता कोंडागांव जिले के युवाओं में खेल के प्रति नई जागरूकता और उत्साह का संचार करेगी। तहसीन रज़ा और कृष राज साहा दोनों ही आने वाले समय में जिले और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता रखते हैं।


अन्य पोस्ट