कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 21 दिसम्बर। केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के नाम एवं नियमों में प्रस्तावित बदलाव के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। यह धरना अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी कोंडागांव के नेतृत्व में चौपाटी मैदान में आयोजित किया गया।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर आपत्ति जताई और मनरेगा से जुड़े प्रस्तावित बदलावों को वापस लेने की मांग की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बारी-बारी से अपने विचार रखे।
पूर्व विधायक केशकाल संत नेताम ने कहा कि मनरेगा कानून में बदलाव भाजपा की राजनीतिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा गांधी विचारधारा से असहमति रखती है और इसी कारण मनरेगा जैसे कानूनों में परिवर्तन किए जा रहे हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि घोष ने कहा कि यदि केंद्र सरकार नई योजनाएं बनाती है तो कांग्रेस पार्टी को उस पर आपत्ति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी धर्म या व्यक्ति के नाम के विरोध में नहीं है, लेकिन महात्मा गांधी के नाम से जुड़े कानून में बदलाव पर पार्टी असहमति जताती है।
कांग्रेस नेताओं ने धरना के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की कि केवल नाम परिवर्तन के बजाय रोजगार और जनकल्याण से जुड़े ठोस कार्य किए जाएं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पूर्व बस्तर सांसद दिनेश कश्यप एवं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप की माता स्व. मनकी देवी कश्यप को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
धरना प्रदर्शन में जिला, ब्लॉक, मंडल, सेक्टर एवं बूथ स्तर के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।