कोण्डागांव

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कोंडागांव में वार्षिक खेल दिवस, विजेता पुरस्कृत
21-Dec-2025 10:23 PM
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कोंडागांव में वार्षिक खेल दिवस, विजेता पुरस्कृत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 21दिसंबर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, कोंडागांव परिसर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत वार्षिक खेल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जवाहर नवोदय विद्यालय, कोंडागांव के प्राचार्य भरत दास चेलक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की बुलबुल इकाई द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात मेजर ध्यानचंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण किया गया।

विद्यालय के चार सदनों—शिवाजी, अशोका, टैगोर और रमन—के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट में भाग लिया। मार्च पास्ट की सलामी मुख्य अतिथि द्वारा ली गई। इसके बाद खेल मशाल प्रज्वलित की गई और विद्यालय के चयनित खिलाडिय़ों द्वारा मैदान का परिक्रमण किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा खेल दिवस के औपचारिक उद्घाटन की घोषणा की गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया गया। खेल स्पर्धाओं में प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए जलेबी दौड़, 100 मीटर दौड़, कबड्डी फाइनल तथा शिक्षक बनाम विद्यार्थी वॉलीबॉल मैच आयोजित किया गया।

विद्यालय की खेल शिक्षिका साक्षी चंद्राकर ने वार्षिक खेल प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की खेल गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि भरत दास चेलक ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हार और जीत दोनों खेल का हिस्सा हैं और खेल भावना बनाए रखना आवश्यक है। विद्यालय के प्राचार्य श्री नंदकिशोर वासनिक ने विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं ओवरऑल चैंपियन हाउस को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

आयोजन में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट