कोण्डागांव
कोंडागांव, 19 दिसंबर। लौह हस्तशिल्प से जुड़े कलाकार तातीराम विश्वकर्मा का 6 दिसंबर को ग्राम किड़ईचेपड़ा, विकासखंड डोंगरीगुड़ा, जिला कोंडागांव में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे।
तातीराम विश्वकर्मा का जन्म ग्राम बुनागांव (जिला नारायणपुर मार्ग पर स्थित) में हुआ था। विवाह के बाद उन्होंने ग्राम किड़ईचेपड़ा को अपनी कर्मस्थली बनाया। यहां उन्होंने ग्रामीण उपयोग की लौह सामग्री, कृषि उपकरणों की मरम्मत एवं निर्माण, घरेलू तथा रसोई से संबंधित उपकरणों के पारंपरिक निर्माण का कार्य किया। इसके साथ ही उन्होंने लौह हस्तशिल्प से जुड़ी कलात्मक वस्तुओं का निर्माण भी किया।
लौह हस्तशिल्प के क्षेत्र में उन्हें शिल्प गुरु स्वर्गीय जयदेव बघेल का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उनके कार्यों के लिए उन्हें राज्य स्तर पर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उनके कार्य को देखने के लिए तत्कालीन राज्यपाल के. एम. सेठ एवं स्वर्गीय शेखर दत्त द्वारा उनके किड़ईचेपड़ा स्थित कार्यस्थल का भ्रमण किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
परिजनों के अनुसार तातीराम विश्वकर्मा ने अपने परिवार के सदस्यों को भी हस्तशिल्प कार्य से जोड़ा। उनके ज्येष्ठ पुत्र सुनील विश्वकर्मा राज्य पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं, जबकि कनिष्ठ पुत्र राष्ट्रीय स्तर के जूनियर वर्ग पुरस्कार से सम्मानित हुए हैं। उनकी पत्नी, पुत्रवधु, पुत्रियां तथा अगली पीढ़ी के सदस्य भी हस्तशिल्प कार्य से जुड़े हुए हैं।
परिवार की ओर से जानकारी दी गई है कि तातीराम विश्वकर्मा की स्मृति में 19 दिसंबर को ग्राम किड़ईचेपड़ा में शोक सभा का आयोजन किया गया है।