कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 16 दिसम्बर। परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती के अवसर पर सर्व सतनामी समाज कोंडागांव द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांधी वार्ड स्थित सतनाम भवन से कोंडागांव चौपाटी मैदान तक विशाल शोभा यात्रा निकाली गई।
शोभा यात्रा में समाज के संरक्षक, जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। यात्रा के दौरान युवक-युवतियों के दल द्वारा आकर्षक पंथी नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने लोगों का मन मोह लिया। वहीं बाबा गुरु घासीदास जी के संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ के नारों से नगर गूंज उठा।
शोभा यात्रा में जैतखंभ की भव्य झांकी भी शामिल रही, जो आकर्षण का केंद्र बनी रही। कार्यक्रम के समापन के बाद आयोजन स्थल पर युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पूरे आयोजन में अनुशासन, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।