कोण्डागांव

बेटे के जन्मदिन पर स्कूली बच्चों को न्योता भोज
14-Dec-2025 10:15 PM
बेटे के जन्मदिन पर स्कूली बच्चों को न्योता भोज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 14 दिसंबर। जिला कोंडागांव अंतर्गत बुनागांव के जनपद प्राथमिक उच्च प्राथमिक शाला में जन्म दिवस पर न्योता भोजन का आयोजन किया गया।

शाला के अभिभावक माता-पिता रामसिंह सोरी और इंदु सोरी ने अपने बेटे रितेश का जन्मदिन शाला के बच्चों के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने शाला और आंगनबाड़ी के बच्चों के साथ केक काटा और शानदार न्योता भोजन कराया जिसमें खीर-पूड़ी, मिक्चर के साथ ही लाजवाब मिष्ठान वितरण किया।

शाला के शिक्षक सूरज नेताम ने बताया कि इस वर्ष अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों के द्वारा 15वीं बार किसी अवसर पर न्योता भोजन कराया गया। अब क्षेत्र के गणमान्य स्वेच्छा से स्कूल में आकर न्योता भोज हेतु आगे आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ शासन शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी योजना न्योता भोजन बच्चों में काफी कारगर साबित हो रही है। इस पहल से एक ओर समुदाय की स्कूल में भागीदारी, बच्चों की उपस्थिति दर  में वृद्धि, वहीं दूसरी ओर पौष्टिक आहार से बच्चों में कुपोषण की समस्या भी दूर की जा रही है।

 बेटे के जन्मदिवस पर दानदाता अभिभावक ने बताया कि हर वर्ष बेटे का जन्म दिवस घर पर मनाते आ रहे हैं, किंतु इस बार स्कूल के सैकड़ों बच्चों के साथ मिलकर केक काटा और उन्हें न्योता भोजन कराया। उनके चेहरे की मुस्कान देखकर हमें बहुत ही खुशी मिल रही है। इससे बढक़र एक माता पिता को और क्या चाहिए। शाला परिवार ने अभिभावकों को न्योता भोजन हेतु धन्यवाद ज्ञापित करते हुए छात्र के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

न्योता भोज के सफल क्रियान्वयन में शाला की शिक्षिका मोनिका साहू, शिक्षक रूपेश कल्लो का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर छात्र की दादी मां, बड़ी मां, आंगनबाड़ी सहायिका बालमती नेताम, रसोईया रतनी यादव, पूनम यादव सहित स्कूल और आंगनबाड़ी के बच्चे उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट