कोण्डागांव

बिजली तार की चपेट में पैरा से भरी पिकअप में लगी आग
13-Dec-2025 10:21 PM
बिजली तार की चपेट में पैरा से भरी पिकअप में लगी आग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 13 दिसंबर। कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत मुंगवाल के आश्रित ग्राम ठोटी मड़ानार के स्कूल पारा में आज बड़ा हादसा होते-होते टल गया। 11 केवी विद्युत तार की चपेट में आने से एक पिकअप में अचानक आग लग गई।

शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे स्थानीय किसान पिकअप में पैरा लेकर जा रहा था। इसी दौरान पिकअप में लदा पैरा ऊपर से गुजर रहे 11 केवी विद्युत तार के संपर्क में आ गया, जिससे वाहन में आग भडक़ उठी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि पिकअप वाहन और उसमें लदे पैरा को नुकसान पहुंचा है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने ढीले व नीचे लटके विद्युत तारों को लेकर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट