कोण्डागांव
कोंडागांव, 13 दिसंबर। आरक्षक संवर्ग भर्ती चयन समिति, पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोंडागांव की ओर से एडिशनल एसपी के द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए यह स्पष्ट किया है कि 9 दिसंबर को प्रकाशित आरक्षक भर्ती परिणाम जिला नारायण पुर की सूची में आवेदन संख्या में कंप्यूटर एरर के कारण एक तकनीकी त्रुटिवश आवेदन संख्या की पुनरावृत्ति हो गई थी। त्रुटि केवल आवेदन संख्या के कॉलम में हुई थी, जिसे जानकारी मिलते ही तत्काल त्रुटि सुधार कर लिया गया था । इसमें व्यापम द्वारा जारी उम्मीदवारों के नाम तथा रोल नंबर पूरी तरह सही व समान थे, इनमें कोई त्रुटि नहीं हुई थी।
परीक्षा परिणाम, चयन प्रक्रिया तथा मेरिट से संबंधित सभी सूचनाएं यथावत एवं पूर्णत: सही हैं। चयनित अभ्यर्थियों के परिणामों में कोई परिवर्तन नहीं है। चयन सूची की उपरोक्त तकनीकी त्रुटि को अविलंब सुधार उपरांत 9 दिसंबर की शाम को ही त्रुटि रहित चयन सूची पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस लाइन के नोटिस बोर्ड में प्रकाशित की जा चुकी है।
अत: सभी उम्मीदवारों से अनुरोध है कि इस तकनीकी त्रुटि को लेकर किसी प्रकार की चिंता, भ्रम में ना आए न ही अफ़वाहो पर विश्वास करें। सभी संबंधित हितधारकों की जानकारी और हित में, त्रुटि के सुधार के उपरांत अंतिम चयन सूची पुन: संलग्न की जा रही है. कोंडागांव जिला पुलिस प्रशासन संपूर्ण प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।