कोण्डागांव

आदनार में चलित थाना, ग्रामीणों व विद्यार्थियों को दी कई जानकारी
06-Dec-2025 9:22 AM
आदनार में चलित थाना, ग्रामीणों व विद्यार्थियों को दी कई जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 5 दिसंबर। कोण्डागांव जिला मुख्यालय से लगे संवेदनशील क्षेत्र के थाना बयानार अंतर्गत ग्राम आदनार में पुलिस विभाग द्वारा चलित थाना का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वार्षिक संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, शिक्षक, गणमान्य नागरिक तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान थाना बयानार पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों को नशा के दुष्प्रभाव, साइबर फ्रॉड से बचाव, यातायात नियमों का पालन, तथा बाल अपराध एवं यौन शोषण से संबंधित कानूनों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है और साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए जागरूक रहना बेहद जरूरी है। साथ ही, सडक़ सुरक्षा के लिए हेलमेट, सीट बेल्ट एवं यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

चलित थाना के इस आयोजन को ग्रामीणों ने सराहा और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में जागरूकता बढ़ती है तथा बच्चों और युवाओं को सुरक्षित रहने की सीख मिलती है।


अन्य पोस्ट