कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 5 दिसंबर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पारोंड, विकासखंड बड़ेराजपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम लिहागांव में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन आज सरपंच हीरालाल नेताम, उपसरपंच घुडहुराम मंडावी, विद्यालय प्राचार्य के.के. नाग, पंचगण व ग्रामीणों की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम अधिकारी अमर सिंह पुरामें ने शिविर की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिविरार्थियों ने प्रतिदिन प्रात: जागरण व प्रभात फेरी,योग अभ्यास (मार्गदर्शन: योग परीक्षक सुखराम नेताम), ग्राम में स्वच्छता कार्य, गांव के विभिन्न पाराों का भ्रमण, बच्चों को पठन-पाठन में सहयोग, समतलीकरण व पर्यावरण जागरूकता गतिविधियाँ को अंजाम दिया।
शिविरार्थियों को छह समूहों में विभाजित कर प्रत्येक दिन अलग-अलग क्षेत्रों में साफ-सफाई तथा जनजागरूकता कार्यक्रम किए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जानकारी एवं परामर्श दिया गया। एस.एन. चांदेकर (सेवानिवृत्त प्राचार्य): नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, मोबाइल के दुष्प्रभाव तथा लक्ष्य निर्धारण पर वक्तव्य।
पुलिस विभाग (एएसआई रमेश निषाद व जगदीश नेताम): साइबर फ्रॉड, चोरी-डकैती से बचाव संबंधी जानकारी। पशुपालन विभाग (डॉ. पी.एल. ठाकुर): पशुओं के आहार, बीमारियां और देखभाल। कृषि विभाग (राजेंद्र नेताम): बेहतर फसल उत्पादन और कृषि से आय वृद्धि। स्वास्थ्य विभाग: रक्तचाप, ब्लड चेकअप और स्वच्छता संबंधी परामर्श।
शिविर का निरीक्षण जिला संगठक प्रो. शशि भूषण कन्नौजे तथा कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संजीवन कुमार ने किया। निरीक्षण दल ने वालंटियरों को ग्रामवासियों से संवाद बढ़ाने, स्वच्छता एवं नशामुक्ति जैसे विषयों पर नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने हेतु प्रेरित किया।
शिविर के दौरान ग्राम लिहागांव की जनसंख्या, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य स्थिति, बुजुर्गों व रोगियों की जानकारी आदि का सर्वे भी किया गया।
प्रतिदिन नशामुक्ति, स्वास्थ्य, स्वच्छता और शिक्षा आधारित नुक्कड़ नाटकों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। ग्रामीणों ने इन कार्यक्रमों में भागीदारी निभाई।
समापन अवसर पर सरपंच हीरालाल नेताम ने कहा कि शिविर में सीखी गई बातों को जीवन में लागू करने की आवश्यकता है। पूर्व वालंटियर सोमनाथ नेताम ने एनएसएस को व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम बताया।
प्राचार्य के.के. नाग ने सभी विभागों, पंचायत तथा ग्रामवासियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
समापन कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीणजन, विद्यालय स्टाफ तथा एनएसएस वालंटियर उपस्थित रहे।