कोण्डागांव

केशकाल की बेटी मनप्रीत चौधरी को एलएलएम में स्वर्ण पदक
06-Dec-2025 9:19 AM
केशकाल की बेटी मनप्रीत चौधरी को एलएलएम में स्वर्ण पदक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 5 दिसंबर। केशकाल निवासी मनप्रीत चौधरी ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर से मास्टर ऑफ लॉ (एलएलएम) की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह में उन्हें राज्यपाल और कुलाधिपति रमेन डेका, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा तथा विश्वविद्यालय प्रशासन की उपस्थिति में स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।

मनप्रीत चौधरी, केशकाल के निवासी एवं व्यापारी ठाकुर राम चौधरी की पुत्री हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा केशकाल के शिप्रा विद्यालय में हुई। कक्षा 9वीं से 12वीं तक उन्होंने युगांतर पब्लिक स्कूल राजनांदगांव में अध्ययन किया। वर्ष 2022 में उन्होंने हैदराबाद के इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट्स ऑफ इंडिया से 99.4 फीसदी अंक के साथ एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। वर्ष 2024 में उन्होंने एलएलएम के लिए स्वामी अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में प्रवेश लिया। यहां उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक अंक हासिल कर प्रथम स्थान के साथ साथ स्वर्ण पदक भी प्राप्त किया है।

मनप्रीत ने बताया कि अध्ययन के दौरान परिवार का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने पढ़ाई के लिए अवसर उपलब्ध कराए और उन पर विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया, मेरी पढ़ाई, मेरे सपने और मेरी कठिन मेहनत, हर बात में उनका विश्वास मेरे लिए सबसे बड़ी शक्ति रहा है। आज जब मैं विधि स्नातकोत्तर में स्वर्ण पदक की उपाधि प्राप्त कर रही हूँ, तो यह केवल मेरी सफलता नहीं, बल्कि मेरे माता-पिता के त्याग, समर्थन और विश्वास की भी जीत है। साथ ही मैं अपने परिवार, अपने शिक्षकों तथा उन सभी लोगों की भी आभारी हूँ जिन्होंने समय-समय पर मेरा उत्साह बढ़ाया, मुझे प्रेरणा दी और मुझ पर विश्वास बनाए रखा। यह पूरा सफर मेरे लिए अत्यंत भावुक और बहुत ही विशेष रहा है।


अन्य पोस्ट