कोण्डागांव

समर्थन मूल्य पर धान बेचने किसान बने मजदूर!
04-Dec-2025 9:30 PM
समर्थन मूल्य पर धान बेचने किसान बने मजदूर!

शामपुर धान उपार्जन केंद्र में अव्यवस्था का आलम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 4 दिसंबर। शामपुर धान उपार्जन केंद्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं के चलते किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि केंद्र में मजदूरों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें स्वयं ही धान की बोरियों की तौल और कट्टा भरने जैसे काम करने पड़ रहे हैं।

किसान हंसराज सहित कई किसानों ने बताया कि मजदूर न होने से पूरी प्रक्रिया धीमी हो रही है, और उन्हें घंटों तक अतिरिक्त मशक्कत झेलनी पड़ रही है। इससे उनकी लागत और मेहनत दोनों बढ़ रहे हैं।

किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र में उपलब्ध बोरियां फटी और पुरानी हैं, जिसके कारण धान भरने में लगातार दिक्कत आ रही है। बार-बार बोरी बदलने के चलते समय की बर्बादी तो हो ही रही है, साथ ही किसानों को अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है।

उपार्जन केंद्र से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह तक कुल 1541.20 क्ंिवटल धान की खरीदी हो चुकी है, जबकि 34 किसानों के टोकन कट चुके हैं। इसके बावजूद केंद्र में जिम्मेदार अधिकारियों की नियमित मौजूदगी न होने से किसानों में नाराजग़ी और बढ़ गई है।

किसानों ने मांग की है कि उपार्जन केंद्र में जल्द से जल्द पर्याप्त मजदूर उपलब्ध कराए जाएं और अच्छी गुणवत्ता की बोरियां प्रदान की जाएं, ताकि उन्हें अव्यवस्थाओं का सामना न करना पड़े।

इस संबंध में नारायण दीवान, प्रबंधक शामपुर लैंप्स ने बताया कि केंद्र के लिए मजदूर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। लगभग 15 मजदूरों की आवश्यकता है, जिनकी तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट